अंबिकापुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने 45वें स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी में जुट गई है। आगामी 6 अप्रैल को होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए भाजपा प्रदेश संगठन ने संयोजक और संयोजक सदस्यों की नियुक्ति की है। इसमें सरगुजा से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा को कार्यक्रम का संयोजक सदस्य और सरगुजा संभाग प्रभारी नियुक्त किया गया है।

प्रदेश भाजपा संगठन के निर्देश पर सरगुजा जिला भाजपा अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने भी जिले में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिए जिला संयोजक और सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की है। जिला संयोजक के रूप में संतोष दास को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अनिल जायसवाल, संजय गुप्ता बोडा और रविन्द्र तिवारी को संयोजक सदस्य बनाया गया है।
भारत सिंह सिसोदिया ने कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर भी एक संयोजक और दो सदस्यों की टीम गठित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इस सिलसिले में आगामी 4 अप्रैल को भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक बैठक भी आयोजित की गई है, जिसमें सरगुजा संभाग प्रभारी राजा पांडे सहित अन्य प्रमुख नेता अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह स्थापना दिवस पार्टी के लिए बेहद खास है और इसे कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनता के बीच व्यापक भागीदारी के साथ मनाया जाएगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सभी स्तरों पर सक्रियता बढ़ा दी गई है।