भाजपा की विष्णु देव सरकार में कोई अपराधी बचेगा नहीं, सज़ा मुकर्रर होगी- विजय शर्मा
रायपुर। अंबिकापुर में ट्रांसपोर्टर की पिटाई और रोड रेज की घटना को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश के गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से उनके रायपुर निवास पर मुलाकात की। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए फ़रार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने गृहमंत्री को बताया कि इस घटना से जिले में जनाक्रोश व्याप्त है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल सरगुजा आईजी से फोन पर पूरी जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भाजपा की विष्णु देव सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल में अंबिकापुर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, सचिन अग्रवाल, मनीष बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।