अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के 6 जिलों में सरगुजा ओलंपिक के लिए कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी हैं। अब विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर अपना प्रदर्शन करेंगे और जिला स्तर के विजेता 15 से 20 नवंबर तक प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने जिलों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महिला खिलाड़ियों की संख्या अधिक
सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक पंजीयन किए गए। इस दौरान 1 लाख 73 हजार 884 पुरुष और 2 लाख 42 हजार 929 महिला खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 69 हजार 45 अधिक है, जो लगभग 40 प्रतिशत अधिक है।
जिलेवार पंजीयन में सूरजपुर से सर्वाधिक 99 हजार 322 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके बाद बलरामपुर-रामानुजगंज से 91 हजार 995, सरगुजा से 90 हजार 116, जशपुर से 74 हजार 809, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33 हजार 676 और कोरिया से 26 हजार 895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।
विकासखंड स्तर से जिला स्तर तक की प्रतियोगिता
सभी छह जिलों में 1 से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय स्पर्धाओं में भाग लेंगे। हॉकी और कुश्ती की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जा रही हैं। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जिला स्तरीय मुकाबले पूरे हो चुके हैं।
जशपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 29 एवं 30 अक्टूबर को होंगी। सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 से 5 नवंबर तथा सूरजपुर में 4 एवं 5 नवंबर को प्रतियोगिताएं निर्धारित हैं। संभाग स्तरीय स्पर्धाएं 15 से 20 नवंबर के बीच आयोजित होंगी।
12 खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा
सरगुजा ओलंपिक में जूनियर और सीनियर दो वर्गों में प्रतियोगिताएं हो रही हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा नहीं है।
प्रतियोगिताएं एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी, कुल 12 खेल विधाओं में आयोजित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव की पहल पर यह आयोजन युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा की पहचान करने और उन्हें खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नागरिकों से जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
.jpeg)