अंतरराज्यीय लेबल की अवैध शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार

अंतरराज्यीय लेबल की अवैध शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार

आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, 16.260 लीटर विदेशी मदिरा बरामद

अम्बिकापुर, जिले में अवैध मदिरा के परिवहन एवं संग्रहण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लेबल लगी विदेशी मदिरा जप्त की गई है।

कार्रवाई आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता एवं कलेक्टर श्री अजित वसंत के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री एल.के. गायकवाड के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी वृत्त केदारपुर, अम्बिकापुर क्षेत्र में दबिश दी गई।

दबिश के दौरान आरोपी सरप्रीत सिंह (30 वर्ष), निवासी केदारपुर वार्ड क्रमांक 24, थाना कोतवाली अम्बिकापुर, के कब्जे से मध्य प्रदेश एवं हरियाणा राज्य का लेबल लगी विभिन्न ब्रांड की कुल 16.260 लीटर विदेशी मदिरा बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में मदिरा का अवैध रूप से संग्रहण किया जाना पाया गया।

प्रकरण में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शीला बड़ा, आबकारी उप निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता सहित विभागीय टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने