गांजा तस्करी मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 4.86 लाख रुपये का मशरूका जब्त

गांजा तस्करी मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 4.86 लाख रुपये का मशरूका जब्त

 

अम्बिकापुर, सरगुजा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा, एक आई-20 कार और 6 मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। यह संयुक्त कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अम्बिकापुर के नेतृत्व में साइबर सेल और रघुनाथपुर चौकी पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, Rajesh Kumar Agrawal (डीआईजी एवं एसएसपी, सरगुजा) के निर्देशन में जिले में अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 फरवरी 2026 को रघुनाथपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की आई-20 कार (क्रमांक CG/10/AL/8571) में सवार तीन व्यक्ति लैलूंगा की ओर से गांजा लेकर ग्राम गंगापुर में मुरारी लाल चौबे को बिक्री करने आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-43 स्थित ग्राम गंगापुर मेन रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान कार में सवार हेमसागर यादव (26 वर्ष), खीरो यादव (25 वर्ष) और भूपेंद्र यादव (24 वर्ष) तथा वाहन के पास खड़े मुरारी लाल चौबे (35 वर्ष) को पकड़ा गया।

वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि मुरारी लाल चौबे के बैग से 2 किलोग्राम गांजा मिला। इस प्रकार कुल 4 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 36 हजार रुपये), एक सफेद आई-20 कार (कीमत लगभग 4 लाख रुपये) तथा 6 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लैलूंगा से गांजा लाकर ग्राम गंगापुर में बिक्री करने की योजना बना रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध चौकी रघुनाथपुर थाना लुंड्रा में अपराध क्रमांक 39/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने