शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा,  सरगुजा जिले के थाना मणिपुर क्षेत्र में एक महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 17 मार्च 2025 को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जान-पहचान दर्रीपारा निवासी आशीष साहू से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे किराए के मकान में रखा और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान, आरोपी ने कई बार दुष्कर्म किया, जिससे पीड़िता को एक संतान भी हो गई।

अब आरोपी आशीष साहू शादी करने और साथ रहने से इनकार कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर थाना मणिपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 89/25 धारा 376 (2) (एन) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान, पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और आरोपी की तलाश शुरू की गई। सतत प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी आशीष साहू (35 वर्ष) निवासी दर्रीपारा, थाना मणिपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

न्यायालय में पेशी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस की सक्रियता

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक उमाशंकर साहू और कुश सोनी की अहम भूमिका रही।

सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधों पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने