शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में पर्सनैलिटी डेवलपमेंट एवं करियर गाइडेंस विषय पर एक प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संभाग के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं को संबोधित किया।
डॉ. श्रीवास्तव ने छात्राओं को व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे पाने के लिए पूर्ण तन्मयता एवं अनुशासन के साथ मेहनत करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रेरक घटनाओं तथा रोचक उदाहरणों के माध्यम से छात्राओं को उत्साहित किया।
इसके साथ ही उन्होंने कक्षा 12वीं के पश्चात उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी, जिससे छात्राओं को भविष्य की दिशा चुनने में मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने नारी सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रंजना श्रीवास्तव, वरिष्ठ व्याख्याता श्री एच. डी. पांडे, श्री आर. के. विश्वकर्मा, श्रीमती रीना सिन्हा, श्रीमती वंदना सिन्हा, श्रीमती नीलम, श्रीमती अनुराधा, श्री रेवती सिंह सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
इस सफल कार्यक्रम का संचालन संस्था की वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती अंजना श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

