लखनपुर, 23 मार्च 2025 (रविवार) – राष्ट्रव्यापी महा परीक्षा अभियान के तहत आज आकस्मिक जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा ने अपने दल के साथ बालक प्राथमिक शाला, आ मा पानी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महा परीक्षा अभियान में शामिल नवसाक्षर परीक्षार्थियों से बातचीत कर उनकी तैयारी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आश्रम स्कूल का भी दौरा किया गया, जहां बच्चों के शयन कक्ष का निरीक्षण कर उनकी दिनचर्या और सुविधाओं की स्थिति को देखा गया। श्री सिन्हा ने बच्चों से सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर बच्चों ने सहजता से दिया। बच्चों की तत्परता और जानकारी से संतुष्ट होकर उन्होंने बिस्कुट का वितरण भी किया।
इसके बाद, अधिकारी ने शौचालयों की सफाई व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन कक्ष एवं मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में मरम्मत कार्यों को देखकर वे संतुष्ट हुए और आवश्यक सुधार कार्यों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान लखनपुर एबीईओ श्री मनोज तिवारी, मंडल संयोजक श्री अरविंद गुप्ता, आश्रम अधीक्षक संभू प्रसाद यादव, कटिंदा सीएसी हेम सागर प्रधान, परीक्षा केंद्र अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह एवं पर्यवेक्षक रतेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।